मंगलवार सुबह 5 बजे से विशेष अभियान चलाकर 8 पुरुष और 5 महिलाए धराई
वर्धा विदर्भ प्रमुख:- युसूफ पठाण
न्यायालय में पेश न होने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए वर्धा शहर पुलिस ने मंगलवार को एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने सुबह 5 बजे से ही कार्रवाई शुरू कर दी और वारंट जारी होने के बावजूद फरार चल रहे कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 8 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को बाधित करने वालों को सबक सिखाना था। इस कार्रवाई को पुलिस उपनिरीक्षक शरद गायकवाड़, पुलिस उपनिरीक्षक बनोट, पुलिस हवलदार गजेंद्र धर्मे और अभिजीत वाघमारे की डीबी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि ऐसे आरोपी जो कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह के अभियानों से न केवल न्यायपालिका का सम्मान बना रहेगा, बल्कि अपराधियों में भी कानून का डर बढ़ेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।


